भुरकुंडा में अवैध हथियार फैक्ट्री मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन और गिरफ्तार; अब तक पांच आरोपी जेल भेजे गए

रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में संचालित अवैध हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया गया था। मौके से हथियार बनाने की मशीन, अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न कल-पुर्जे बरामद किए गए थे। उस दौरान दो अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया था।
इस संबंध में पतरातु (भुरकुंडा) थाना कांड संख्या 165/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अनिल विश्वकर्मा, इबरार तथा अप्राथमिकी अभियुक्त रईस खान को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार निर्माण और उसकी आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
















