रांची में बार और पब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई जगह मिलीं गंभीर अनियमितताएं

रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस और जिला प्रशासन ने गुरुवार रात चुटिया, लालपुर सहित कई थाना क्षेत्रों में संचालित बार और पब पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बार और पब में आने वाले ग्राहकों, लाइसेंस, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई स्थानों पर नाबालिगों की मौजूदगी, निर्धारित समय सीमा के बाद संचालन, क्षमता से अधिक भीड़ तथा लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों में खामियां पाई गईं।
प्रशासन ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बार और पब संचालकों को शोकॉज नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया है, उनके लाइसेंस रद्द करने और आवश्यकतानुसार सीलिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन ने सभी बार और पब संचालकों से निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

















