पतरातू में मानसून की बारिश ने मचाई तबाही, सड़कें-दुकानें जलमग्न, लोग परेशान
लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार मानसूनी बारिश ने पतरातू क्षेत्र में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहीद भगत सिंह चौक से लेकर जयनगर, मेन रोड पतरातू, स्टेशन रोड और पतरातू ब्लॉक जाने वाली सड़कों पर हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। सड़कों पर नालियों का पानी ओवरफ्लो होने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे आवागमन ठप हो गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्थानीय दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। सैकड़ों दुकानों में पानी भरने से व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पतरातू-जयनगर रेलवे अंडरपास, जो कुम्हार टोली को सौदा से जोड़ता है, पूरी तरह से बरसात के पानी में डूब गया है। इससे आने-जाने वाले लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ बच्चे इस पानी में नहाते हुए भी दिखे।
दामोदर और नलकारी नदी में उफान
लगातार बारिश के कारण दामोदर और नलकारी नदी अपने उफान पर हैं। दामोदर नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि नदी में लगे सभी पंप खोल दिए गए हैं, क्योंकि पानी पंपों के ऊपर से बह रहा है। इससे क्षेत्र में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
नहीं है पानी निकासी की व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या हर साल बरसात में गंभीर हो जाती है। सड़कों और नालियों की सफाई समय पर नहीं होने से पानी का बहाव रुक जाता है, जिससे क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बन रही है।
लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में रोष बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन को तुरंत कदम उठाने की जरूरत है ताकि लोगों को इस संकट से निजात मिल सके।

















