देवघर में मां-बेटे की गला रेतकर हत्या, चार साल पहले पति की भी हुई थी हत्या; पुरानी रंजिश के एंगल से जांच

देवघर: झारखंड के देवघर जिले में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक महिला और उसके नाबालिग बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रूबेदा बीबी और उनके 14 वर्षीय बेटे मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई है। मुशर्रफ स्थानीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नानीडीह में आठवीं कक्षा का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ लोग घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। घर में मौजूद रूबेदा की बड़ी बहू के हाथ बांधकर उसे एक तरफ बैठा दिया गया। इसके बाद अपराधियों ने महिला और उसके बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के समय रूबेदा का बड़ा बेटा घर पर नहीं था, क्योंकि वह दुर्गापुर में नौकरी करता है। घटना की जानकारी बहू ने परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर भी घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक पुरानी दुश्मनी की ओर भी जा रहा है। दरअसल, करीब चार वर्ष पहले रूबेदा के पति रियाज अंसारी की भी हत्या कर दी गई थी। उस मामले में मवेशियों के खेत में घुसने को लेकर हुए विवाद के बाद पांच लोगों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बताया जा रहा है कि वे फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इसी वजह से पुलिस इस पुराने मामले को भी वर्तमान हत्याकांड से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर तेजी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















