अक्षय नवमी पर मारवाड़ी युवा मंच ने किया अवले के पेड़ व गाय का पूजन पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा का लिया संकल्प
रांची : अक्षय नवमी के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची दक्षिण शाखा एवं जागृति महिला शाखा की ओर से धार्मिक उत्साह और विधि-विधान के साथ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अवले (आंवले) के पेड़ का पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस मौके पर पुरोहित आशुतोष मिश्रा ने वेद मंत्रों के साथ गाय की पूजा करवाई। पूजा के पश्चात गायों को वस्त्र पहनाए गए और उन्हें गुड़, चोकर, कुट्टी एवं फल खिलाए गए।
मंच के अध्यक्ष ऋषभ रामपुरिया ने कहा कि “सभी जीवों की सेवा करना हमारा परम धर्म है, चाहे वह मनुष्य हो या पशु। प्रकृति हमारी जीवनदायिनी है, इसलिए उसकी रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए।” इसी उद्देश्य से उपस्थित सदस्यों ने अवले के पेड़ में रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण की सुरक्षा की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष रोहित शारदा ने कहा कि “अक्षय नवमी का विशेष महत्व है। यह दिन जन्म-जन्मांतर के पापों को नष्ट करने वाला माना जाता है और पुण्य प्रदान करने वाला है।”
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष बालवीर जैन, सचिव राघव शारदा, कोषाध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, सौरव विजय सहित जागृति महिला शाखा की पूर्व अध्यक्ष बिना शारदा, अध्यक्ष प्रमिला सराफ, प्रीति विजयवर्गीय, राखी रामपुरिया, सुप्रीता मिश्रा, संजू मिश्रा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय कल्याण का संकल्प लिया।














