Outrage erupts after road accident; Pokharaha police check post vandalized.

सड़क हादसे के बाद भड़का आक्रोश, पोखराहा पुलिस चेक पोस्ट में तोड़फोड़

Share
Link copied
Outrage erupts after road accident; Pokharaha police check post vandalized.
Outrage erupts after road accident; Pokharaha police check post vandalized.

पलामू : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा चौक पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और बाद में पुलिस चेक पोस्ट पर हमला बोलते हुए वहां लगाए गए अस्थायी टेंट को क्षतिग्रस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर-पांकी मुख्य पथ पर स्थित पोखराहा चौक के पास गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक हाइवा की चपेट में आने से पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी माजीद आलम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए तथा मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भीड़ का एक हिस्सा अचानक सुरक्षा और वाहन जांच के लिए बनाए गए पुलिस चेक पोस्ट की ओर बढ़ गया। वहां जवानों के रहने के लिए लगाए गए टेंट में तोड़फोड़ की गई। उग्र लोगों ने टेंट को उखाड़ने का प्रयास किया, हालांकि वह पूरी तरह नहीं उखड़ सका, लेकिन उसे कई जगह से फाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने के कारण वे स्थिति पर तत्काल नियंत्रण नहीं कर सके। स्थिति बिगड़ती देख टेंट में मौजूद जवान वहां से हट गए। घटना के दौरान सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी भी मौके पर मौजूद थे।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर जेएलकेएम नेत्री और पूर्व मेयर प्रत्याशी आयशा सिंह किन्नर भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के आंदोलन का समर्थन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। आयशा सिंह किन्नर ने पुलिस की कथित चेतावनी का विरोध करते हुए कार्रवाई को लेकर खुली चुनौती दी, जिससे मौके पर तनाव और बढ़ गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।