Police-business committee meeting held at Sukhdev Nagar police station

सुखदेवनगर थाना में पुलिस–व्यवसायी समिति की बैठक, नशाखोरी और सुरक्षा पर विशेष जोर

Share
Link copied

Police-business committee meeting held at Sukhdev Nagar police station

रांची : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर शनिवार को सुखदेवनगर थाना परिसर में पुलिस–व्यवसायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के व्यवसायियों और पुलिस प्रशासन के बीच विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।

थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने आम लोगों और व्यापारियों से अपील की कि नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें, ताकि इलाके में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक के दौरान प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में थाना क्षेत्र में 1 पीसीआर वाहन और 4 टाइगर मोबाइल सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने थाना में आने वाले आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि लोग बिना संकोच अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। वहीं, लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने बाजारों में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का सुझाव दिया।

सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने बेहतर पुलिसिंग के लिए समन्वित प्रयासों की जरूरत बताई, जबकि पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने पुलिस और व्यापारियों के बीच मित्रवत संबंध विकसित करने पर बल दिया। अन्य सदस्यों ने भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुधार के लिए अपने विचार साझा किए।

बैठक में यह सहमति बनी कि भविष्य में भी इस तरह की समन्वय बैठकों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, जिससे पुलिस और व्यापारियों के बीच संवाद बना रहे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। बैठक में चैंबर के पदाधिकारियों और क्षेत्र के कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।