80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, सिमडेगा में डीसी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, परेड, झंडोत्तोलन, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था समेत सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य समारोह 15 अगस्त को परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित होगा। परेड का पूर्वाभ्यास 10, 11 और 12 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक कराया जाएगा। वहीं, 13 अगस्त को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण करेंगे।


स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को नगर भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों, झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सरकारी कर्मियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, सहिया, जल सहिया तथा अन्य कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।


बैठक में समारोह के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने विशेष रूप से प्लास्टिक से बने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग पर पूर्ण रोक लगाने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त कंचन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सभी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि “टीम सिमडेगा” की भावना के साथ 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।





















