RANCHI

RANCHI : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सीआरपीएफ के शहीद जवान कांस्टेबल सुशांत कुमार खूंटिया को श्रद्धांजलि दी।

Share
Link copied

RANCHI  : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज सेक्टर-2, धुर्वा स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर पहुंचकर नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान कॉन्स्टेबल श्री सुशांत कुमार खूंटिया के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर मुख्यमंत्री ने ईश्वर से शहीद की आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को दु:ख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मालूम हो कि आज सुबह पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान कांस्टेबल श्री सुशांत कुमार खूंटिया गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई। शहीद जवान श्री सुशांत कुमार खूंटिया ओडिसा के क्योंझर जिला के निवासी थे।

मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित पुलिस विभाग के अन्य वरीय अधिकारियों ने शहीद जवान कॉन्स्टेबल सुशांत कुमार खूंटिया को श्रद्धांजलि दी।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow