बकरीद को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, शहर के कई इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च

रांची : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रांची पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर मंगलवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर ने बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य बकरीद के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना, आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा करना है। इस दौरान संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च में स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ RAF की एक कंपनी भी शामिल रही। पुलिस प्रशासन ने बताया कि इसी तरह का फ्लैग मार्च रांची के अन्य थाना क्षेत्रों में भी निकाला गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखा जा सके।
















