धनबाद रेलवे स्टेशन पर दून एक्सप्रेस से 78 दुर्लभ कछुओं की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा, कीमत 7.80 लाख रुपये
धनबाद : झारखंड के धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार तड़के एक बड़ी तस्करी की घटना सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13010) के महिला कोच से 78 जीवित इंडियन फ्लैपशेल कछुओं (Lissemys punctata) को जब्त किया है। इन दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की अनुमानित कीमत करीब 7.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टास्क टीम प्लेटफॉर्म पर नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन के गार्ड ब्रेक से सटे महिला कोच में भारी मात्रा में कछुए तस्करी के इरादे से ले जाए जा रहे हैं। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोच की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान सीट के नीचे छिपाए गए 6 कपड़े के थैलों को बरामद किया गया। आसपास बैठी महिला यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी थैलों पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। थैलों को खोलने पर उनमें कुल 78 जीवित कछुए पाए गए, जो इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के हैं। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित है और तस्करी निषिद्ध है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इंडियन फ्लैपशेल कछुए मुख्य रूप से तंत्र-मंत्र, दवाओं और अवैध व्यापार के लिए तस्करी का शिकार बनते हैं। इनकी तस्करी न केवल जैव विविधता को खतरे में डालती है, बल्कि पारिस्थितिकी तंत्र को भी असंतुलित करती है।


















