चाईबासा में अवैध बालू खनन रोकने की कोशिश में युवक की हत्या, बालू तस्करों ने ट्रैक्टर से कुचला; प्रशासन पर उठे सवाल
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जैतगढ़ ओपी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन का विरोध करना एक युवक की जान ले लिया। मुंडाई गांव निवासी दीपक प्रधान की शुक्रवार को बालू तस्करों ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दीपक प्रधान लंबे समय से क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू खनन और परिवहन का पुरजोर विरोध कर रहे थे। शुक्रवार को उन्होंने बालू से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर उन्हें कुचल दिया। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
हत्या की खबर फैलते ही गांववासियों में आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने दीपक के शव को सड़क पर रखकर कई घंटों तक जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और पुलिस को मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात संभालने पड़े।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भवाया। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
स्थानीय निवासियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन का धंधा वर्षों से फल-फूल रहा है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। बालू माफिया पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम कारोबार चला रहे हैं और विरोध करने वालों पर जानलेवा हमले हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध बालू खनन पर तत्काल और सख्त रोक लगाई जाए। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।


















