कोडरमा में कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई, युवती समेत छह हिरासत में
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में सोशल मीडिया पर कथित देशविरोधी और आपत्तिजनक सामग्री साझा किए जाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान शहादत हुसैन, मो. आसिफ, मो. जहांगीर अंसारी, मो. मस्तान अंसारी, साहिल अंसारी और मुस्कान परवीन के रूप में हुई है। इनमें चार की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शहादत हुसैन गांव में किराना दुकान चलाते हैं, मो. जहांगीर अंसारी मुर्गा व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मो. मस्तान अंसारी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित करते हैं। मुस्कान परवीन छात्रा है।

पुलिस का कहना है कि सभी पर अपने सोशल मीडिया खातों से आतंकी अजहर मसूद से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो साझा करने का आरोप है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर सभी को हिरासत में लिया और उनके मोबाइल फोन व सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित सामग्री किस स्रोत से प्राप्त हुई तथा उसे साझा करने के पीछे क्या उद्देश्य था। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक सभी आरोप प्रारंभिक जांच के दायरे में हैं और आगे की कार्रवाई डिजिटल साक्ष्यों व जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों के घरों से करीब 12 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक टैबलेट सहित कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इन सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित सामग्री किस प्लेटफॉर्म और किस स्रोत से साझा की गई थी।






















