हजारीबाग में अधिवक्ता की संदिग्ध मौत का मामला, डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे जांच
रांची/हजारीबाग: झारखंड हाईकोर्ट ने अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की मौत के मामले में जांच के स्तर को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार, 26 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को भरोसा दिलाया कि मामले की आगे की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई जाएगी। इससे पहले मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी कर रहे थे। यह मामला मृतका के भाई देवजीत चक्रवर्ती की ओर से दायर क्रिमिनल रिट याचिका से जुड़ा है। याचिका में मौत की परिस्थितियों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई है। अदालत ने जांच की प्रगति पर जानकारी देने को कहा है।
क्या है पूरा मामला?
अनुष्का चक्रवर्ती का शव हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी के गुप्ता कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट में मिला था। वह अपने पति के साथ वहां रहती थीं। अनुष्का ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। मौत के बाद परिजनों ने घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार की ओर से उनके पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा मौत के लिए जिम्मेदार होने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पोस्टमार्टम और घटनास्थल को लेकर उठे सवाल
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और घटनास्थल की परिस्थितियों पर सवाल उठाए गए। अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि शव का करीब तीन घंटे के भीतर दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था। इसके अलावा, शव मिलने की स्थिति और शरीर पर चोट के निशान का भी उल्लेख किया गया। याचिकाकर्ता पक्ष ने इन बिंदुओं की गहराई से जांच कराने की मांग की।
2 नवंबर को फिर होगी सुनवाई
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने डीएसपी रैंक के अधिकारी से जांच कराने पर सहमति जताई। अदालत ने मामले की जांच की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट अगली सुनवाई में पेश करने को कहा है। अब 2 नवंबर को होने वाली सुनवाई में जांच की स्थिति महत्वपूर्ण होगी। परिजनों को उम्मीद है कि वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में जांच आगे बढ़ने से मौत से जुड़े सवालों के जवाब सामने आएंगे और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

खड़गे से माफी की मांग, CJP आंदोलन पर संतोष सुमन का हमला; अनंत सिंह पर कही यह बात
धनबाद में ‘हक की बात, हम के साथ’ कार्यक्रम में बोले बिहार सरकार के मंत्री; झारखंड में संगठन विस्तार पर भी दिया…

SIR के खिलाफ राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई
नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को चुनौती देने वाली राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिका पर…


















