विज़न 2050 को मिलेगी रफ्तार: 8-9 जुलाई को दिल्ली में नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन आयोजित करेगा झारखंड

रांची: झारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ का आयोजन करने जा रही है। सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा देना तथा ‘झारखंड विज़न 2050’ को गति देना है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने शिष्टाचार मुलाकात कर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे।
सरकार के अनुसार, सम्मेलन में देश-विदेश के उद्योगपति, निवेशक, नीति-निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान Jharkhand AI Policy, Jharkhand Investment Promotion Policy, Jharkhand Tourism Policy, Jharkhand Textile Policy, JIADA Regulations और PPP Policy सहित कई महत्वपूर्ण नीतियों के प्रारूप जारी किए जाएंगे। इसके अलावा नए डिजिटल पोर्टल लॉन्च किए जाएंगे तथा विभिन्न कंपनियों के साथ कई अहम एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर भी होंगे।
पहले दिन IT, AI और डिजिटल गवर्नेंस पर रहेगा फोकस
सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, आईटी पार्क, एआई और तकनीकी निवेश से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। इसके बाद सरकार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच B2G (Business to Government) संवाद आयोजित होगा। दिन का समापन ‘झारखंड में AI का भविष्य’ विषय पर विशेष सत्र के साथ होगा, जिसमें राज्य की एआई नीति के प्रारूप पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान आईटी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच समझौते भी किए जाएंगे।
दूसरे दिन निवेश और पर्यटन पर होगी चर्चा
कार्यक्रम के दूसरे दिन निवेश, समावेशी विकास और पर्यटन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन क्षमता को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही औद्योगिक प्रोत्साहन और निवेश को लेकर हितधारकों के साथ विस्तृत चर्चा होगी। इसी दिन कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर, नई नीतियों के ड्राफ्ट जारी करने और डिजिटल पोर्टलों के शुभारंभ का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
सरकार का मानना है कि यह आयोजन राज्य में निवेश आकर्षित करने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ‘Explore Infinite Opportunities’ की थीम को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सम्मेलन का समापन झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के उद्योग जगत और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग शामिल होंगे।















