तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, बच्ची समेत दो गंभीर घायल

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकुपानी स्थित बीड़ी पत्ता गोदाम के समीप गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विक्की लाइन होटल के संचालक सुरेश प्रसाद की पत्नी गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए राउरकेला ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना में एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर ठेठईटांगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















