बोकारो में प्रेमी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, बोली- चेहरा देखने के बाद ही उतरूंगी

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना गोमिया प्रखंड के ललपनिया-गोमिया मुख्य मार्ग स्थित ढेढ़ें गांव की है, जहां एक युवती अपने प्रेमी से मिलने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
जानकारी के अनुसार युवती ललपनिया थाना क्षेत्र के तिलैया गांव की रहने वाली बताई जा रही है। टावर पर चढ़ी युवती का कहना है कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर नहीं पहुंचता और वह उसका चेहरा नहीं देख लेती, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाने का प्रयास कर रही है। वहीं, घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी देर से टावर पर मौजूद है और अपनी मांग पर अड़ी हुई है। पुलिस और स्थानीय लोग किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए सतर्कता बरत रहे हैं। फिलहाल पुलिस युवती के परिजनों और उसके प्रेमी से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

















