Youth dies in Simdega road accident; last rites performed amidst a somber atmosphere.

सिमडेगा सड़क हादसे में युवक की मौत, गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

Share
Link copied
Youth dies in Simdega road accident; last rites performed amidst a somber atmosphere.
Youth dies in Simdega road accident; last rites performed amidst a somber atmosphere.

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भंडारटोली निवासी यशवंत दास उर्फ मंटू का शुक्रवार को शंख नदी घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

जानकारी के अनुसार, सिमडेगा-कुरडेग मार्ग पर कोचेडेगा के लुकीबाहर के पास उनकी टीवीएस एक्सएल बाइक को एक मालवाहक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यशवंत दास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यशवंत दास सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे रामरेखा धाम प्रबंधन समिति, साईं सेवा समिति, बजरंग दल तथा ग्राम विकास से जुड़े कई कार्यों में योगदान दे रहे थे। इसके अलावा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी उनकी पहचान थी।

उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के सिमडेगा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा, मंडल अध्यक्ष श्रवण गोवंशी, कोचेडेगा के मुखिया शिशिर टोप्पो, नारायण दास, पुरुषोत्तम दास समेत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने यशवंत दास को मिलनसार, व्यवहारकुशल और समाजसेवा के प्रति समर्पित युवा बताते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन से क्षेत्र और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।