डोबो में झोपड़ीनुमा दुकान से 3.093 किलो गांजा और 5.19 लाख रुपये बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने डोबो पुलिया के पास एक झोपड़ीनुमा दुकान में छापेमारी कर 3.093 किलो गांजा और 5 लाख 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक तुरहा और उसके पुत्र अभिजीत तुरहा के रूप में हुई है। चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डोबो पुलिया के पास झोपड़ीनुमा दुकान की आड़ में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान गांजा और बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सीलिंग मशीन, प्लास्टिक पैकिंग सामग्री, एक मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, इन सामानों से गांजा की तौल और पैकिंग किए जाने की आशंका है। बरामद नकदी के स्रोत की भी जांच की जा रही है। पूछताछ के दौरान पुलिस गांजा के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन-किन इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। साथ ही कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में सरायकेला जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद डोबो और आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है। पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एपीएल सीजन-2 में दम दिखाएगी चेरो आर्चर्स, फुलर्टन-अतनु दास समेत आठ तीरंदाज टीम में
जमशेदपुर: टाटा स्टील की झारखंड फ्रेंचाइजी चेरो आर्चर्स आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन में एक बार फिर मैदान में उतरने…

डिजिटल हेल्थ से बदलेगी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था, AI और रोबोटिक सर्जरी पर जोर
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बुधवार को झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 का…
















