जमीन घोटाले में 42.80 लाख की ठगी का आरोप, सरायढेला पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

धनबाद: फर्जी तरीके से जमीन का सौदा कर 42.80 लाख रुपये की ठगी और सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में सरायढेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 112 डायल पर मिली सूचना के बाद की। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

पीड़ित उमेश कुमार सिंह के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2022 में करीब 6.21 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से जमीन का सौदा किया था। इसके एवज में बैंक खाते के माध्यम से कुल 42.80 लाख रुपये का भुगतान किया गया। भुगतान के बाद आरोपियों ने स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी किया था। पीड़ित का दावा है कि संबंधित दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं।

एक साल बाद पता चला, सरकारी जमीन है
उमेश कुमार सिंह के मुताबिक, जमीन का सौदा होने के करीब एक साल बाद उन्हें जानकारी मिली कि संबंधित जमीन गैरमजरुआ और सरकारी प्रकृति की है। इसके बाद उन्होंने जमीन पर अपना दावा छोड़ते हुए आरोपियों से रकम वापस करने की मांग की। मामला नहीं सुलझने पर उन्होंने अदालत का रुख किया। बताया गया कि इस मामले में कोर्ट में केस लंबित है।

पैसे लौटाए बिना दूसरे व्यक्ति को बेचने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस किए जाने तक आरोपियों ने जमीन पर किसी तरह का निर्माण या बाउंड्री नहीं कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद वर्ष 2025 में उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। नया खरीदार जब जमीन पर बाउंड्री कराने पहुंचा तो उमेश कुमार सिंह ने इसका विरोध किया।

कई लोगों के गिरोह में शामिल होने का आरोप
पीड़ित ने राजीव रंजन, प्रभात यादव, कुंदन सिंह, प्रशांत, मनीष शर्मा और प्रवीण सिन्हा समेत कई लोगों पर गिरोह बनाकर जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि आरोपी फर्जी बिल्डर और कंपनियों के नाम पर कार्यालय खोलकर लोगों को जमीन का सौदा करते हैं और अधिकारियों से सांठगांठ होने का प्रभाव दिखाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

112 पर कॉल के बाद मौके से पकड़ा गया आरोपी
पीड़ित के अनुसार, घटना के दिन आरोपी जबरन जमीन की घेराबंदी कराने पहुंचे थे। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़कर सरायढेला थाना ले गई। पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर जमीन के नाम पर सक्रिय कथित गिरोह के खिलाफ कार्रवाई और 42.80 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है। सरायढेला पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

डोबो में झोपड़ीनुमा दुकान से 3.093 किलो गांजा और 5.19 लाख रुपये बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र…

झारखंड मुक्ति मोर्चा का चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रोश, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग
रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा का गुस्सा बुधवार को राजधानी की…
















