रांची सहित पूरे झारखंड में आज बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी की संभावना
झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और एक ट्रफ लाइन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, गुमला सहित कई जिलों में दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है।
रांची में आज अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर तक मौसम साफ और गर्म रह सकता है, लेकिन दोपहर 3 बजे के बाद हल्के बादल छाने और बारिश के साथ आंधी की संभावना है। हवा में नमी का स्तर 40-45% रहेगा, जिससे उमस का अहसास हो सकता है।
राज्य के अन्य हिस्सों के मौसम की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं से तापमान में 3-6 डिग्री की गिरावट संभव है। वहीं डालटेनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन शाम को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ में भी बारिश और वज्रपात की संभावना है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी के कारण 18 मई से बारिश का सिलसिला शुरू होगा, जो 19-20 मई तक जारी रह सकता है। इस दौरान वज्रपात का खतरा भी रहेगा, इसलिए लोगों से अपील है कि गरज-चमक के समय खुले मैदान में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।


















