भुरकुंडा रेलवे साइडिंग पर दिनदहाड़े फायरिंग, साइडिंग इंचार्ज बाल-बाल बचे
झारखंड के रामगढ़ जिले में भुरकुंडा रेलवे साइडिंग पर शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की। यह वारदात थाना से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने साइडिंग इंचार्ज भोला यादव को निशाना बनाकर पांच राउंड गोलियां चलाईं। सौभाग्यवश, भोला यादव इस हमले में बाल-बाल बच गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पतरातू एसडीपीओ, पतरातू इंस्पेक्टर, भुरकुंडा और भदानीनगर थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में लेवी विवाद की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।


















