सावन का पहला सोमवार: सिमडेगा में शंख नदी से कांवरियों ने कुंजनगर शिवधाम में किया जलाभिषेक
शंभू कुमार सिंह
सावन के पहले सोमवार को सिमडेगा में शिव भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भारी बारिश के बावजूद शिव भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। शंख नदी से जल लेकर कांवरियों की टोली ने 10 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर कुंजनगर शिवधाम में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बोल-बम के जयकारों के साथ शिव भक्त झूमते-नाचते मंदिर पहुंचे, जहां भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।
आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में “हर कंकर में शंकर” की अवधारणा के साथ शिव भक्तों ने जल, पुष्प और बेलपत्र अर्पित किए। सुबह से हो रही झमाझम बारिश भी भक्तों के हौसले को डिगा नहीं सकी। कांवरियों की सुविधा के लिए पूर्व वार्ड पार्षद राम जी यादव, बजरंग ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, बजरंग रजक और स्थानीय लोगों ने विशेष व्यवस्था की थी।
जिले के सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी और भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। सावन के इस पवित्र माह में सिमडेगा शिवमय हो गया, और कांवरियों की भक्ति ने एक बार फिर बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा को दर्शाया।

















