सिमडेगा में सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत वाहन चेकिंग अभियान: 32 वाहनों से वसूला 89,650 रुपये का जुर्माना
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को सिमडेगा पुलिस लाइन के समीप एक विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना और विशेष रूप से नाबालिग वाहन चालकों को नियंत्रित करना था।
परिवहन विभाग के मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) प्रकाश रंजन के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में दोपहिया, तिपहिया और व्यावसायिक वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए, जबकि कुछ वाहनों के कागजात अधूरे थे। कुल 39 वाहनों की जांच की गई, जिसमें से 32 वाहनों पर सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के लिए 89,650 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया और हेलमेट पहनने, वाहन के दस्तावेज पूर्ण रखने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने जैसे नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर परिवहन विभाग के सिद्धार्थ राज और ट्रैफिक पुलिस के जवान भी मौजूद थे।
जिले में हाल के दिनों में चलाए गए इस तरह के अभियानों से न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि नाबालिग छात्र-छात्राओं द्वारा वाहन चलाने में भी कमी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के बीच यह अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे प्रशासन की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

















