झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू, पहले दिन अनुपूरक बजट लाएगी सरकार
रांची: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कारण बीच में स्थगित हुए झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत दोबारा 22 अगस्त से होने जा रही है। यह पूरक सत्र 28 अगस्त तक चलेगा और इसमें चार कार्यदिवस होंगे। सत्र के पहले दिन ही राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है, जबकि विपक्ष ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मानसून सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी, इसके बाद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। 25 अगस्त को प्रश्नकाल के बाद अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान होगा, जबकि 26 और 28 अगस्त को प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक और गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी।
विपक्षी दल खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस सत्र में सरकार को भ्रष्टाचार, आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की मुठभेड़ में मौत और अन्य मुद्दों पर घेरने की योजना बनाई है। सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष पहचान रजिस्टर) के विरोध में प्रस्ताव पारित करने की तैयारी के जवाब में विपक्ष ने भी अपनी रणनीति को और मजबूत किया है।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से 7 अगस्त 2025 तक निर्धारित था, लेकिन 4 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्ताव पर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने शेष विधायी और वित्तीय कार्यों को पूरा करने के लिए इस पूरक सत्र को बुलाने का निर्णय लिया।
















