दुबई में बैठे वासेपुर डॉन प्रिंस खान की जड़ें खोदने में जुटी पुलिस, सुबह से ही 30 ठिकानों पर छापामारी अभियान
धनबाद : धनबाद पुलिस ने दुबई में छिपे कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सोमवार की सुबह से ही पुलिस ने वासेपुर, पांडरपाला, राहमतगंज, महुदा और बरवड्डा समेत करीब 30 से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हथियार, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रिंस खान दुबई या शारजाह में रहकर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अपराध की साजिश रचता है। वह फोन और सोशल मीडिया के जरिए व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलता है। गिरोह के कई सक्रिय सदस्य हाल ही में पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, जिनके पास से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और लग्जरी गाड़ियां मिली हैं।
इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्नर नोटिस
प्रिंस खान के खिलाफ इंटरपोल पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है। भारत की कई एजेंसियां — सीबीआई, एनआईए और एटीएस उसके नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हैं। धनबाद पुलिस ने उसके ऊपर 50 लाख रुपये का इनाम प्रस्तावित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास जारी हैं।
एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन तेज
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का मकसद प्रिंस खान के अपराध साम्राज्य की जड़ों को पूरी तरह उखाड़ फेंकना और व्यापारियों व ठेकेदारों को उसके आतंक से मुक्त कराना है।
गिरोह का नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से प्रिंस खान का नेटवर्क धीरे-धीरे कमजोर होता दिख रहा है। हाल में उसके चचेरे साले और कई अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद उसके संपर्क तंत्र पर भी चोट पहुंची है।
प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों की प्रोफाइल तैयार करने और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक वासेपुर से प्रिंस खान के गिरोह का सफाया नहीं हो जाता।

















