मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम दौरे की तैयारियों की समीक्षा की
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस (स्विट्जरलैंड) एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में भाग लेगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में विश्व के प्रमुख निवेशकों, उद्योगपतियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद करेगा। इस वैश्विक मंच पर झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक ढांचे, सतत विकास, पर्यटन क्षमता तथा निवेश संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। विभागीय तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
दावोस यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल लंदन का दौरा करेगा, जहां संस्थागत, शैक्षणिक एवं निवेश संबंधी सहयोग, नीति संवाद तथा भारतीय प्रवासी समुदाय से मुलाकात प्रस्तावित है।
यह दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार सृजन के उद्देश्य से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समन्वित एवं प्रभावी हों। उन्होंने कहा कि यह दौरा झारखंड को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने एवं बहुराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसर सृजित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव प्रशांत कुमार सहित उद्योग, पर्यटन, खान एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

















