झारखंड के खजाने से 10,000 करोड़ रुपये गायब ? विधायक सरयू राय ने लगाया गंभीर आरोप
झारखंड के खजाने से 10,000 करोड़ रुपये गायब ? विधायक सरयू राय ने लगाया गंभीर आरोप
रांची/जमशेदपुर, 4 फरवरी : झारखंड की राजनीति में एक बार फिर बड़ा विवाद छिड़ गया है। जमशेदपुर पश्चिम विधायक सरयू राय ने राज्य सरकार पर खजाने से 10,000 करोड़ रुपये के गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने दावा किया है कि इस विशाल राशि का कोई हिसाब नहीं चल रहा और यह एक बड़ी वित्तीय हेराफेरी का मामला हो सकता है।
सरयू राय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उराँव ने जब इसकी ऑडिट कराई, तो घपला सामने आया। उन्होंने विभागीय सचिवों की बैठक बुलाई, लेकिन किसी को भी इस राशि के बारे में जानकारी नहीं मिली। वर्तमान वित्त मंत्री ने भी इस मुद्दे पर बैठक की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया। सरयू राय ने आरोप लगाया की मंत्री के सचिवो के साथ बैठक लिखने के पत्र को विभागीय सचिव ने मुख्य सचिव को भेज दिया है । हर कोई चाहता है की मामला बाहर नही आये ।
विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री से इस मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।उन्होंने सवाल उठाया, “आखिर झारखंड सरकार के खजाने से 10,000 करोड़ रुपये कहां गए? यह अरबों की वित्तीय अनियमितता है, जिसकी जांच जरूरी है।”
विधायक सरयू राय पहले भी राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगा चुके हैं, जैसे ऊर्जा विभाग की 160 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) गायब होने का मामला, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री से जांच की मांग की थी।फिलहाल, राज्य सरकार या संबंधित विभाग की ओर से इस 10,000 करोड़ वाले दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण नहीं आया है। यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है और विपक्षी दलों द्वारा इसे विधानसभा में उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यदि जांच होती है, तो इससे राज्य की वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े हो सकते हैं।

















