लाला सलाम को अंतिम सलाम! अमित शाह ने लोकसभा में किया बड़ा ऐलान, नक्सल मुक्त भारत!
नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में ‘नक्सल मुक्त भारत’ पर हुई चर्चा के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुका है। शाह ने इस सफलता का श्रेय सुरक्षा बलों के अथक प्रयासों, बलिदान और मोदी सरकार की सुरक्षा के साथ-साथ विकास की दोहरी रणनीति को दिया।
अमित शाह ने बताया कि बस्तर के हर गांव में अब स्कूल और राशन की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने कहा, “2014 में मोदी सरकार आने के बाद देश के हर गरीब को घर, गैस, शुद्ध पानी, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा और पांच किलो मुफ्त अनाज मिला। लेकिन बस्तर वाले क्यों छूट गए थे? क्योंकि वहां लाल आतंक की परछाई थी। अब वह परछाई हट गई है और बस्तर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
कांग्रेस पर तीखा हमला
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा, “75 साल में से 60 साल आपने शासन किया, फिर आदिवासी आज भी विकास से महरूम क्यों रहे? घर नहीं, पानी नहीं, स्कूल नहीं, बैंक की सुविधा तक नहीं पहुंची। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासियों का विकास कर रहे हैं। पहले अपनी गिरेबान में झांककर देखिए कि दोषी कौन है।”
शाह ने वामपंथी विचारधारा को नक्सलवाद फैलाने का मुख्य कारण बताया। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने खुद माओवाद को देश की सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा समस्या माना था, लेकिन उनके कार्यकाल में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। 2014 के बाद स्थिति बदली और कई लंबित समस्याओं का समाधान हुआ।
आदिवासी प्रतिनिधियों से सवाल
अमित शाह ने आदिवासी सांसदों और विधायकों से सीधा सवाल किया, “आपने तो अपना व्यक्तिगत विकास कर लिया, लेकिन आदिवासी जनता का विकास आपने कितना किया? इसका जवाब दीजिए।” उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय लंबे समय से अपनी समस्याएं संसद में उठाना चाहता था। अब उनकी आवाज राष्ट्रीय मंच पर पहुंच रही है।
छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य
शाह ने छत्तीसगढ़ को लेकर बड़ा दावा किया कि मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। यह लक्ष्य केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार, सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के सामूहिक प्रयासों से हासिल होगा।
छत्तीसगढ़ के सांसद संतोष पाण्डेय ने भी कहा कि लगातार हो रही कार्रवाई, नक्सलियों का सरेंडर और विकास कार्यों ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। अब गांव-गांव में विश्वास और सुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने प्रदेश पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और बलिदान की सराहना की।
अन्य उपलब्धियां गिनाईं
अमित शाह ने मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का भी जिक्र किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35ए हटाना, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, पूरे देश में GST लागू करना और महिलाओं को विधायी मंडलों में 33 प्रतिशत आरक्षण देना शामिल है।
गृह मंत्री ने रेड कॉरिडोर प्रभावित 12 राज्यों और आदिवासी समाज को इस चर्चा के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का दृढ़ संकल्प है कि पूरे देश को जल्द से जल्द नक्सल मुक्त बनाया जाएगा।


















