झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर मंडल कारा में औचक निरीक्षण, पीडीजे ने चखा बंदियों का भोजन
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर सोमवार को सिमडेगा मंडल कारा में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा ने किया। उनके साथ सीजेएम निताशा बारला, डालसा सचिव मरियम हेमरोम, एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी, सहायक लोक अभियोजक निशि कच्छप, चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव और डिप्टी एलएडीसीएस ब्रीखभान अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जेल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने जेल के वार्ड, रसोईघर और भोजनालय का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पीडीजे ने स्वयं बंदियों के लिए तैयार भोजन का स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। भोजनालय की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण की भी विस्तृत जांच की गई। टीम ने वार्डों में जाकर बंदियों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और शौचालय की स्थिति का जायजा लिया।
बंदियों से संवाद, समस्याएं सुनी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी। बंदियों के सामान की जांच में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष निर्देश
पीडीजे ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें समय पर समुचित इलाज मिल सके। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली की भी समीक्षा की गई।
निर्माण और सुधार कार्य जारी
जेल प्रशासन ने जानकारी दी कि महिला बंदी वार्ड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करते हुए इलेक्ट्रिक पैनल ठीक कर दिया गया है, जिससे नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई है। पुरुष बंदी वार्ड में सुधार के लिए भवन विभाग को पत्र भेजा गया है, ताकि आवश्यक कार्य जल्द पूरा कराया जा सके।

















