कुआं में गिरा एक जंगली हाथी, एक महीने में यह दूसरी घटना, वन विभाग रेस्क्यू अभियान में जुटा
कुआं में गिरा एक जंगली हाथी, एक महीने में यह दूसरी घटना, वन विभाग रेस्क्यू अभियान में जुटा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खूंटी – रांची जिले के खूंटी वन प्रमंडल के बुंडू वन प्रक्षेत्र अंतर्गत सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में एक जंगली हाथी के कुएं में गिरने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान वह अचानक एक खुले कुएं में गिर गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हाथी सुरक्षित है और उसकी निगरानी की जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है।
विभाग की ओर से कुएं के आसपास की मिट्टी काटकर रास्ता बनाने या अन्य तकनीकी उपायों पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाला जा सके। इस बीच ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक कुआं को काटने नहीं दिया जाएगा।
इधर, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसे नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बन रहा है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दूरी बनाए रखें और रेस्क्यू कार्य में बाधा न डालें। फिलहाल पूरे इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है और सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कब तक हाथी को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है।
गौरतलब है कि 6 मार्च 2026 को एक विशालकाय दंतैल हाथी जंगल से भटकते हुए रिहायशी इलाके में आ गया था। शहरी इलाके से निकलते वक्त अनिगढ़ा में हाथी एक कुएं में जा गिरा था जिसे घंटो मसक्कत के बाद रेस्कयू किया गया था।















