ऑपरेशन प्रिंस तेज: धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के घर चिपकाया इस्तेहार, अब बारी कुर्की-जब्ती की
ऑपरेशन प्रिंस तेज: धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के घर चिपकाया इस्तेहार, अब बारी कुर्की-जब्ती की

धनबाद: कोयलांचल में आतंक का पर्याय बने भगौड़े गैंगस्टर प्रंस खान और उसके भाई गोपी खान पर कानून का शिकंजा और कस गया है। धनबाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्रिंस खान के कमर मखदुमी रोड स्थित आवास पर इस्तेहार (Proclamation) चिपका दिया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा भगौड़े अपराधियों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
भारी पुलिस बल के साथ पहुँची टीम
बैंक मोड़ थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम प्रिंस खान, गोपी खान और उनके सहयोगी सैयद सैफ नक्बी अब्बास के घर पहुँची। ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने न्यायालय के आदेश की घोषणा की और घर की दीवारों पर इस्तेहार चस्पा किया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 के तहत की गई है, जो रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर मामले हैं।
अदालत में हाजिर न होने पर होगी कुर्की
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर अदालत में पेश नहीं होते हैं, तो अगला कदम कुर्की-जब्ती का होगा।
न्यायालय के आदेश का तामिला करा दिया गया है। अगर आरोपी सदेह उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।” सुनील कुमार रवि / ASI
CBI के साथ मिलकर बना ‘मास्टर प्लान’
प्रिंस खान के विदेश में छिपे होने की खबरों के बीच, गृह विभाग और CBI के अधिकारियों के बीच हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई है। इस बैठक में प्रिंस खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस और प्रत्यर्पण की रणनीति पर चर्चा की गई।
ऑपरेशन प्रिंस के तहत पुलिस अब केवल प्रिंस खान ही नहीं, बल्कि उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है:
मददगारों पर नजर: गैंग को आर्थिक मदद पहुँचाने वालों की पहचान की जा रही है।
ठिकानों पर छापेमारी: प्रिंस खान के गुर्गों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
तकनीकी निगरानी: गिरोह के संचार माध्यमों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर साइबर सेल की पैनी नजर है।
जाहिर है प्रशासन का लक्ष्य धनबाद से रंगदारी और गैंगवार को पूरी तरह समाप्त करना है। प्रिंस खान के खिलाफ इस संगठित कार्रवाई से यह साफ है कि आने वाले दिनों में उसके गिरोह की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।

















