Petrol-diesel crisis deepens in Godda, long queues at pumps for limited fuel

गोड्डा में गहराया पेट्रोल-डीजल संकट! सीमित ईंधन के लिए पंपों पर लंबी कतारें

Share
Link copied
Petrol-diesel crisis deepens in Godda, long queues at pumps for limited fuel
Petrol-diesel crisis deepens in Godda, long queues at pumps for limited fuel

गोड्डा : जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। गुरुवार को गोड्डा-सिकटिया स्थित लाइफ केयर पेट्रोल पंप पूरी तरह सूखा रहा, जबकि भागलपुर रोड स्थित बद्री पेट्रोल पंप और पकड़िया स्थित पेट्रोल पंप पर सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया गया। स्थिति ऐसी है कि बाइक चालकों को 200 से 500 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि चार पहिया वाहनों को 500 से 2000 रुपये तक ही ईंधन मिल पा रहा है। कई जगहों पर लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

महागामा में सबसे ज्यादा दबाव

महागामा स्थित इंडियन ऑयल पंप पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। यहां बाइक सवारों को 200 से 500 रुपये तक का पेट्रोल और चार पहिया वाहनों को 2000 से 2500 रुपये तक का डीजल सीमित मात्रा में दिया जा रहा है। इंडियन ऑयल पंप के मालिक नवल किशोर भगत ने बताया कि महागामा क्षेत्र में कुल चार पेट्रोल पंप हैं। अन्य पंपों पर स्टॉक खत्म होने के बाद ग्राहकों की भीड़ उनके पंप पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि नियंत्रण के साथ बिक्री करने पर भी प्रतिदिन 10 से 12 हजार लीटर ईंधन की खपत हो रही है।

उन्होंने बताया कि डिपो से पूरी मात्रा में तेल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कभी 4 हजार लीटर, कभी 8 हजार लीटर तो कभी 12 हजार लीटर की गाड़ी ही उपलब्ध हो रही है। जबकि सामान्य स्थिति बनाए रखने के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 हजार लीटर ईंधन की आवश्यकता है।

लोगों की बढ़ी परेशानी

बाइक चालक सुमन कुमार ने बताया कि लाइफकेयर पेट्रोल पंप पर तेल पूरी तरह खत्म हो चुका है। वहीं पकड़िया स्थित पेट्रोल पंप पर 500 रुपये के बजाय केवल 200 रुपये का ही पेट्रोल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन संकट के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में काफी दिक्कत हो रही है। वर्तमान में बाइक सवारों को 200 से 500 रुपये तक और कार चालकों को अधिकतम 1000 से 2000 रुपये तक का ईंधन दिया जा रहा है। 2000 रुपये से अधिक का तेल किसी भी वाहन को नहीं दिया जा रहा है।

बोकारो डिपो से आपूर्ति बंद

पथरगामा स्थित बाबा बैद्यनाथ पेट्रोल पंप के मालिक सुमित भगत ने बताया कि पहले उनके पंप पर जसीडीह और बोकारो डिपो दोनों से तेल की आपूर्ति होती थी, लेकिन फिलहाल बोकारो डिपो से सप्लाई बंद है। अब केवल जसीडीह डिपो से ही सीमित मात्रा में तेल मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि डिपो में जिस क्षमता का टैंकर उपलब्ध होता है, उसी के अनुसार 12 हजार या 14 हजार लीटर तेल भेजा जा रहा है। हालांकि एम्बुलेंस और शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर थोड़ी अधिक मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। फिलहाल जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है और लोग जल्द स्थिति सामान्य होने की उम्मीद कर रहे हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।