गोवंशीय पशु तस्करी गिरोह का सरगना गिरफ्तार, रांची से दबोचा गया आरोपी

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : गोवंशीय पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिमडेगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तस्करी गिरोह के सरगना बबलू पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मामले की जानकारी देते हुए रणवीर सिंह ने बताया कि केरसई थाना क्षेत्र में 8 मार्च को गोवंशीय पशुओं की तस्करी का मामला सामने आया था। इस मामले में बबलू पासवान नामजद अभियुक्त था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
डीएसपी के अनुसार, रांची में आरोपी के छिपे होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद एसपी सिमडेगा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बबलू पासवान ओडिशा से लेकर रांची तक गोवंशीय पशु तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था। पूछताछ में आरोपी ने सिमडेगा, खूंटी और ओडिशा में सक्रिय अपने कई सहयोगियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

















