पशुपालकों को भारी नुकसान, वज्रपात से 19 मवेशियों की मौत, डीसी ने लिया संज्ञान

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में बुधवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से 19 गाय-बैलों की मौत हो गई। यह घटना जिले के फरसाबेड़ा पंचायत अंतर्गत टोंगरी टोली क्षेत्र में हुई, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त कंचन सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सिमडेगा को मृत पशुओं का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराने और उसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा है।
इसके अलावा अंचल अधिकारी को जांच प्रतिवेदन तैयार कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, ताकि प्रभावित पशुपालकों को जल्द से जल्द पशु क्षति मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि प्रभावित पशु मालिकों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के लिए तेजी से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।














