उपायुक्त की गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई: कालाबाजारी के लिए जमा यूरिया-डीएपी की भारी खेप बरामद

चतरा: किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन ने खाद की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर थाना क्षेत्र के करमा मोड़ के समीप अवैध रूप से जमा कर रखी गई यूरिया और डीएपी खाद की भारी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई उपायुक्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार किसानों के लिए निर्धारित खाद को जमाखोरी कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जहूर आलम और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद बरामद कर जब्त कर लिया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में खाद की जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका सामने आई है। बरामद खाद के स्रोत, भंडारण की प्रक्रिया और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी गई है। छापेमारी अभियान में कान्हाचट्टी अंचल अधिकारी मनोज कुमार भी शामिल रहे। कार्रवाई के बाद खाद की कालाबाजारी में संलिप्त तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के अधिकारों और हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कृषि सीजन में खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर किसानों का आर्थिक शोषण करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी बताया कि जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।















