फर्जी बिजली कर्मचारी बन ग्रामीणों से की वसूली, पुलिस हिरासत में आरोपी

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के बांसजोर प्रखंड अंतर्गत बांसजोर-बरडेगा गांव में खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर ग्रामीणों से अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोपी नए बिजली मीटर लगाने के नाम पर ग्रामीणों से ₹750 से लेकर ₹3500 तक की राशि वसूल रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों से पैसे वसूले जाने की सूचना मिलने पर कांग्रेस सेवादल के जिला महासचिव विजय किंडो मौके पर पहुंचे और कथित फर्जी कर्मचारी को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष सामरोम पॉल टोपनो भी वहां पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी द्वारा वसूली गई राशि संबंधित लोगों को वापस कराई गई। इस मामले में तौकीर अंसारी और अताउल्ला के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौके पर कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बरथोलोनी तिर्की समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा था या अकेले ही लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















