बोकारो में हाथियों का आतंक: गर्भवती हथनियों के कारण 10 गांवों में हाई अलर्ट, प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों के एक बड़े झुंड ने दस्तक दी है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। 30 हाथियों के इस झुंड में 2 से 3 हथनियाँ गर्भवती हैं, जिसके कारण वन विभाग ने स्थिति को ‘बेहद संवेदनशील’ घोषित करते हुए 10 गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है।
इन गांवों पर मंडरा रहा है खतरा
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का यह झुंड वर्तमान में गोपो, पालू, बड़की पुन्नू और कुसुमडीह-कानीडीह क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। इसके अलावा महुआटांड़, धवईया, सिमराबेड़ा, दरहाबेड़ा, गागा, टिकाहारा, फुटकाडीह और कंडेर गांव में भी अलर्ट जारी किया गया है।
जानकारों के मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान हथनियाँ अधिक आक्रामक हो जाती हैं। झुंड के साथ गर्भवती हथनियों की मौजूदगी के कारण इनकी गति धीमी है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि ये हाथी लंबे समय तक इसी इलाके में रह सकते हैं।
प्रशासन की सख्त हिदायत: क्या करें, क्या न करें
वन विभाग ने आम जनता की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं:
रात में बाहर न निकलें: अंधेरे में हाथियों के झुंड के पास जाने से बचें।
सेल्फी से बचें: हाथियों को देख उनके नजदीक जाकर फोटो या सेल्फी लेने की कोशिश न करें।
उकसाने वाले व्यवहार पर रोक: ट्रैक्टर का साइलेंसर खोलकर शोर मचाना या हाथियों को भगाने के लिए पत्थरबाजी करना खतरनाक हो सकता है। ऐसा करना उन्हें और अधिक हिंसक बना सकता है।
कानूनी कार्रवाई: किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप करने पर ‘वन्यजीव संरक्षण अधिनियम’ के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए तैनात QRT टीम
वन विभाग ने सुरक्षा की कमान संभालने के लिए दो त्वरित कार्रवाई दल (QRT) तैनात किए हैं। स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर गोला, मांडू और कुजू से अतिरिक्त बल मंगाया जाएगा। वन विभाग में आम आदमियों के लिए आपातकालीन सूचना देने के लिए नंबर भी जारी किया है वन विभाग में ग्रामीणों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की सूचना या आपात स्थिति में ग्रामीण तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें:
QRT-1: 6204410674
QRT-2: 8084598077
फॉरेस्टर, गोमिया:7070466084
Also Read :
जमशेदपुर: नशे में धुत ट्रक चालक का तांडव, सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को रौंदा; मचा हड़कंप
देवघर में शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग, 30 लाख रुपये का सामान जलकर राख
रांची रोड रनर्स: फिटनेस और एकता का एक साल, 153 धावकों का बढ़ता कारवां
















