पश्चिमी सिंहभूम: स्कूल जा रही शिक्षिका को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचला, हालत गंभीर; सड़क जाम, CCTV में कैद हुई घटना

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रही एक घंटी आधारित शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना सोनुआ–चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर निश्चितपुर स्कूल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे पैदल जा रही शिक्षिका को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हो गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय वंदना महतो एसएस +2 हाई स्कूल, सोनुआ में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर सोनुआ पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना की जांच में जुट गई है। CCTV फुटेज भी जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
इधर, घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास कर रही है।

















