हटिया स्टेशन पर अवैध ई-टिकट कारोबार का भंडाफोड़, RPF ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अवैध रेल ई-टिकट कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन से एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 जून 2026 को ऑपरेशन “उपलब्ध” के तहत रेलवे सुरक्षा बल की अपराध आसूचना शाखा, रांची और RPF पोस्ट हटिया की संयुक्त टीम ने की।
प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन के पीआरएस (PRS) काउंटर पर विशेष निगरानी और सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक तत्काल आरक्षित टिकट और कुछ खाली आरक्षण आवेदन पत्र लेकर तेजी से बाहर निकलता दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मुस्लिम अंसारी (31 वर्ष), निवासी कथर टांड़, थाना निमियाघाट, जिला गिरिडीह के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से पारसनाथ (PNME) से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) तक का तत्काल स्लीपर टिकट (कीमत ₹4,040), तीन खाली आरक्षण आवेदन पत्र, एक ओप्पो मोबाइल फोन (एयरटेल और जियो सिम सहित) तथा ₹820 नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक-दो माह से अवैध रूप से तत्काल रेलवे टिकट खरीदकर अधिक कीमत पर बेचने का धंधा कर रहा था। वह प्रत्येक यात्री से टिकट के बदले ₹500 अतिरिक्त वसूलता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पहले अपने नाम से टिकट बुक कराता और बाद में आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर अपनी फोटो हटाकर ग्राहक की फोटो लगाकर टिकट उपलब्ध कराता था। घटना वाले दिन भी उसने इसी तरीके से चार यात्रियों के लिए टिकट तैयार किए थे।
आरोपी के कब्जे से बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है। उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को धारा 179 के तहत गिरफ्तार कर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट हटिया लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि अवैध रेल टिकट कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

















