जमशेदपुर हत्याकांड पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा हमला, बोले- ‘पुलिस के सामने हत्या होना कानून व्यवस्था की विफलता’

गिरिडीह: झारखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी के बीच हुई हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी सिर्फ और सिर्फ मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की है।
गिरिडीह स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब पुलिस के सामने किसी की हत्या हो जाती है, तो यह राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने इस दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षा दस्ते में तैनात एएसआई अजय कुमार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अजय कुमार का प्रभाव इतना अधिक है कि डीजी, आईजी और एसपी जैसे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का काम भी वही देखते हैं। मरांडी ने दावा किया कि डीजी से लेकर थाना प्रभारी तक उनके सामने लाचार और बेबस हैं तथा किस थाने में किस दरोगा की पोस्टिंग होगी, इसका फैसला भी उनके स्तर से होता है।

















