लोहरदगा में फूड सेफ्टी विभाग का बड़ा एक्शन: अस्पतालों और होटलों में औचक निरीक्षण, एक्सपायरी सामान नष्ट, पनीर के सैंपल लिए

आनंद कुमार सोनी / लोहरदगा
लोहरदगा: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (FSO) डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में लोहरदगा शहरी क्षेत्र के कई नामचीन होटलों, रेस्टोरेंटों, किराना दुकानों और अस्पतालों के कैंटीन में औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इस औचक निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद थे।
इन प्रतिष्ठानों में हुई सघन जांच
प्रशासन की टीम ने शहर के मधुर केयर हॉस्पिटल, अमृत केयर हॉस्पिटल, डी.पी. मैक्स हॉस्पिटल, सदर अस्पताल की कैंटीनों के साथ-साथ न्यू रोड स्थित पप्पू रेस्टोरेंट, महतो होटल, पर्ल होटल, अनु स्टोर और माँ दुर्गा जनरल स्टोर में दस्तावेजों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की।
लापरवाही पर एक्शन: कहीं नोटिस तो कहीं मिली चेतावनी
जांच के दौरान टीम को कई जगहों पर गंभीर कमियां देखने को मिलीं, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई, अमृत केयर अस्पताल प्रबंधन को सख्त हिदायत दी गई है कि वे बिना फूड लाइसेंस (FSSAI Licence) के मरीजों को भोजन नहीं परोस सकते। उन्हें जल्द से जल्द लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है। मेसर्स महतो होटल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब और असंतोषजनक पाई गई। विभाग ने होटल संचालक को सुधार के लिए कड़ा नोटिस जारी किया है। न्यू रोड स्थित मेसर्स अनु स्टोर में जांच के दौरान एक्सपायरी डेट की रबड़ी और दही बरामद की गई। इसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया और संचालक को दोबारा ऐसी लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी दी।
पर्ल होटल को ‘वेज-नॉनवेज’ अलग रखने का निर्देश
किचन मैनेजमेंट को लेकर मेसर्स पर्ल होटल के संचालक को कड़े निर्देश दिए गए। डॉ. मोईन अख्तर ने कहा कि किचन की व्यवस्था को और सुदृढ़ करें। शाकाहारी (Veg) और मांसाहारी (Non-Veg) भोजन को एक साथ न रखें, इनके लिए अलग-अलग फ्रिज की व्यवस्था हो। इसके अलावा पकी हुई और कच्ची खाद्य सामग्रियों को भी पूरी तरह अलग-अलग स्टोर किया जाए।”
ऑन-द-स्पॉट पनीर की जांच, सैंपल भेजे गए लैब
निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में मिलने वाले पनीर की ऑन-द-स्पॉट (मौके पर) टेस्टिंग की गई। प्राथमिक जांच में पनीर में पिसे हुए चावल या स्टार्च जैसी कोई मिलावट सामने नहीं आई है। हालांकि, पूरी तरह आश्वस्त होने के लिए पनीर का ऑफिशियल सैंपल जब्त किया गया है, जिसे विस्तृत रासायनिक जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर ने साफ शब्दों में कहा कि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहरवासियों को शुद्ध और स्वच्छ खाद्य पदार्थ मिले, इसके लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बोकारो: पुलिस के वर्दी में मुखिया के बेटे को पीटने वाले आरोपी आरक्षी निलंबित
मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों के नए किराया निर्धारण का विरोध, चैंबर ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन













