रांची में 320 ग्राम गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 72,500 रुपये नकद और दो बाइक जब्त

रांची: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 320 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 72,500 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने रविवार रात रांची-हजारीबाग रोड स्थित बूटी मोड़ के पास परमानंद स्टोर के समीप कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़कर उनकी तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग प्लास्टिक की पुड़ियों में रखा 320 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 316/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह निवासी परमानंद राय (58), रांची के खेलगांव निवासी ललन साह (56) तथा बिहार के सीवान निवासी रितेश प्रसाद (45) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ललन साह और रितेश प्रसाद का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 320 ग्राम गांजा, 72,500 रुपये नकद, एक होंडा Hness CB350 मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन एवं दो कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।















