‘अपनी समस्याएं नहीं सुलझ रहीं…’ लेडी चौकी प्रभारी का इंस्टाग्राम वीडियो वायरल, जांच के आदेश

भोपाल/दमोह: मध्य प्रदेश पुलिस की एक महिला अधिकारी का सोशल मीडिया पर साझा किया गया वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। दमोह जिले की जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वायरल वीडियो में प्रियंका पटेल एक ट्रेंडिंग ऑडियो के साथ नजर आती हैं। वीडियो पर लिखा संदेश था— “खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रहीं हैं और नौकरी दूसरों की समस्या सुलझाने वाली…”। इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। मामला तूल पकड़ता देख उन्होंने वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से हटा दिया, लेकिन तब तक इसकी क्लिप विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका पटेल वर्तमान में दमोह जिले की जबलपुर नाका चौकी की प्रभारी हैं। करीब चार महीने पहले उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह गैसाबाद थाने में पदस्थ थीं, जहां से उनका तबादला पुलिस लाइन कर दिया गया था। इससे पूर्व वह दमोह कोतवाली में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
प्रियंका पटेल इंस्टाग्राम पर “Lady Officer Priyanka Patel 21” नाम से सक्रिय हैं, जहां उनके दो हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग ने उनके सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















