गोड्डा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; हथियार, बाइक और गलाया हुआ सोना बरामद

गोड्डा: गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के बंगाल ज्वेलर्स में हुई दिनदहाड़े लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, लूटी गई नकदी तथा गलाकर तैयार किए गए सोने के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स के मालिक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर धमकाया और फायरिंग करते हुए दुकान से आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए थे। मामले में नगर थाना कांड संख्या-125/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद पुलिस ने देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र निवासी अजीत यादव (24) और रिखिया थाना क्षेत्र निवासी राजेश यादव (38) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, 39.85 ग्राम और 0.08 ग्राम वजन के गलाए गए सोने के टुकड़े, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस तथा 41,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव के खिलाफ देवघर और जामताड़ा के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

















