रामगढ़ ज्वेलर्स डकैती कांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, हथियार और लूटे गए गहने बरामद

रामगढ़: रामगढ़ पुलिस को चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड के खुलासे में एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे बाइक तथा करीब 370 ग्राम सोने जैसे आभूषण और 160 ग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए गए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!21 अप्रैल 2026 को रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है।

पुलिस के अनुसार अब तक की कार्रवाई में लगभग 565 ग्राम सोने जैसे आभूषण, 3 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण, दो पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक कार, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। गिरफ्तार शमशेर आलम के खिलाफ रामगढ़ समेत विभिन्न जिलों में 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल इस कांड से जुड़े सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कह रही है।
















