14 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला, राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक के साथ ‘चुनाव पाठशाला’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव पाठशाला के दौरान बीएलओ मतदाता सूची में एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और रिफ्यूज टू साइन (गैर-भारतीय) मतदाताओं की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे। साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाया जा सके।
के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। यदि कोई व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं है, तो वह इन्यूमरेशन फॉर्म बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए उचित कारण लिखकर संबंधित बीएलओ को वापस कर दे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी गैर-भारतीय द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म भरना या गलत जानकारी देकर घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दंडनीय अपराध है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय पूर्व एसआईआर से संबंधित विवरण यथावत दर्ज करें और वर्तमान जानकारी भी पूरी तरह सही भरें, क्योंकि मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेज स्थायी अभिलेख के रूप में सुरक्षित रखे जाते हैं।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल अधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
















