मेयर सुधा गुप्ता–सरयू राय विवाद पर फिलहाल विराम, महिला कांग्रेस ने कहा- भविष्य में महिलाओं पर न हो आपत्तिजनक टिप्पणी

By Niraj Tiwari
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रहा राजनीतिक विवाद फिलहाल थम गया है। कांग्रेस की महिला नेताओं ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन कर इस पूरे विवाद को समाप्त करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने विधायक सरयू राय से भविष्य में किसी भी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ आपत्तिजनक या व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करने की अपील की।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मानगो नगर निगम कार्यालय के बाहर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक सरयू राय ने अपने संबोधन में मेयर सुधा गुप्ता पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह रोजाना अपने मेकअप पर हजारों रुपये खर्च करती हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया था। कांग्रेस की महिला इकाई ने इसे महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
हालांकि, मेयर सुधा गुप्ता की पहल और सुझाव के बाद कांग्रेस महिला नेताओं ने विवाद को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा और प्रदेश नेत्री अपर्णा गुहा ने कहा कि विधायक सरयू राय उनके अभिभावक के समान हैं और वे उनसे अपेक्षा करती हैं कि भविष्य में महिलाओं, विशेषकर बेटी-बहुओं और महिला जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करें।
महिला नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला संगठन विधायक सरयू राय से माफी की मांग नहीं कर रहा है। उनका उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी न की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और महिलाओं के सम्मान का ध्यान रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
महिला कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि इस विवाद के समाप्त होने के साथ ही भविष्य में राजनीतिक विमर्श अधिक गरिमापूर्ण और मुद्दा-आधारित होगा, जिससे लोकतांत्रिक परंपराएं और मजबूत होंगी।
















