देवघर में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार

देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर 10 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग कंपनियों और डिजिटल पेमेंट सेवाओं के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी Google Pay, PhonePe और Paytm समेत अन्य डिजिटल पेमेंट सेवाओं के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कैशबैक और दूसरी सुविधाओं का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद साइबर ठगी की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी Airtel Payment Bank के अधिकारी बनकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। Airtel Thanks ऐप के जरिए बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर भी लोगों से धोखाधड़ी की जाती थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 मोबाइल फोन और 19 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार दास और रमेश कुमार दास का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपी देवघर साइबर थाना में दर्ज अलग-अलग मामलों में पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस अब बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और देश के विभिन्न हिस्सों में की गई साइबर ठगी की घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।















