रांची : कोकर के टाटा ऑटो वर्कशॉप में भीषण आग, नौ वाहन जलकर राख
रांची। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार सुबह टाटा ऑटो मोटर्स के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से वर्कशॉप परिसर में खड़े नौ वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 5:30 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वर्कशॉप परिसर में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण किए जाने से इसे वर्कशॉप के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि अग्निशमन विभाग और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, आग में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं किया गया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।


















